नई दिल्ली। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा है कि देश में हाथियों के संरक्षण के लिए 33 हाथी अभयारण्य बनाए गए हैं और 150 एलीफेंट कॉरिडोर की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि भारत एशियाई हाथियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्री सिंह आज विशाखापत्तनम में विश्व हाथी दिवस-2026 के राष्ट्रीय समारोह में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि हाथियों के संरक्षण और उनके आवास की सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रिमोट सेंसिंग और भू-स्थानिक मानचित्रण जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर भी बल दिया जा रहा है।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि राज्य मानव-हाथी संघर्ष को सह-अस्तित्व में बदलने की दिशा में काम कर रहा है। समारोह में गज गौरव पुरस्कार-2026 प्रदान किए गए और प्रोजेक्ट एलिफेंट की उपलब्धियों पर आधारित 30 जायंट स्टेप्स प्रकाशन जारी किया गया। दक्षिण भारत में मानव-हाथी संघर्ष के प्रबंधन के लिए 500 करोड़ रुपये की केंद्र सरकार की सहायता से क्षेत्रीय कार्ययोजना भी शुरू की गई।














