25.6 C
Dehradun
Tuesday, May 5, 2026


spot_img

‘एसआईआर के तहत हटाए गए 3.66 लाख मतदाताओं का ब्योरा दें’, सुप्रीम कोर्ट का चुनाव आयोग को निर्देश

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से कहा कि वह बिहार की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची से हटाए गए 3.66 लाख मतदाताओं की जानकारी कोर्ट को दे। चुनाव आयोग ने शीर्ष कोर्ट को बताया कि अधिकतर नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं और जिनके नाम हटाए गए हैं, उनमें से अब तक किसी ने कोई शिकायत या अपील दर्ज नहीं करवाई है।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने कहा कि चुनाव आयोग को गुरुवार यानी नौ अक्तूबर तक उपलब्ध जानकारी कोर्ट को सौंपनी होगी, क्योंकि उसी दिन इस मामले में अगली सुनवाई होगी। शीर्ष कोर्ट ने कहा कि मसौदा सूची और 30 सितंबर को प्रकाशित की गई अंतिम सूची सबके पास है, इसलिए दोनों सूचियों की तुलना करके जरूरी जानकारी दी जा सकती है। न्यायमूर्ति बागची ने चुनाव आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ वकील राकेश द्विवेदी से कहा कि कोर्ट के आदेशों से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनसामान्य की पहुंच बढ़ी है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि देखने को मिल रही है, इसलिए किसके नाम जोड़े गए हैं (पुराने हटाए गए नाम हैं या नए मतदाता हैं) यह स्पष्ट किया जाना चाहिए ताकि भ्रम न हो। न्यायमूर्ति बागची ने कहा, आप भी मानेंगे कि पारदर्शिता और पहुंच में सुधार हुआ है। ऐसा लग रहा है कि आपने मसौदा सूची में 65 लाख नाम हटाए। हमने कहा था कि जो मृतक हैं या कहीं और चले गए हैं, उन्हें हटाना ठीक है। लेकिन अगर किसी का नाम हटा रहे हैं तो नियम 21 और एसओपी का पालन करें। उन्होंने कहा, हमने यह भी कहा था कि हटाए गए नामों की जानकारी अपने दफ्तरों में लगाएं। अब अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी है कि जोड़े गए नाम पुराने हटाए गए लोगों के हैं या नए मतदाताओं के। इस पर वकील द्विवेदी ने जवाब दिया कि अधिकतर जोड़े गए नाम नए मतदाताओं के हैं। हालांकि, कुछ पुराने मतादाता भी हैं जिनके नाम मसौदा सूची के बाद जोड़े गए। उन्होंने कहा, अब तक किसी भी हटाए गए मतदाता ने कोई शिकायत या अपील दर्ज नहीं करवाई है।
30 सितंबर को चुनाव आयोग ने बिहार की अंतिम मतदाता सूची जारी की थी। आयोग ने बताया कि कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 47 लाख घटकर 7.42 करोड़ रह गई, जो पहले 7.89 करोड़ थी। यह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद हुआ। हालांकि, मसौदा सूची (एक अगस्त को जारी) की तुलना में अंतिम आंकड़ा 17.87 लाख बढ़ा है। मसौदा सूची में 65 लाख मतदाताओं को हटाया गया था, जिनमें वे लोग शामिल थे जो मर चुके थे, दूसरी जगह पर चले गए थे (प्रवास) या जिनके नाम सूची में दो बार दर्ज थे (डुप्लीकेट)।

spot_img

Related Articles

Latest Articles

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की नीति अनुसंधान परिषद...

0
दिल्ली : विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने दिल्ली में जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की नीति अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष ताकायुकु कोबायाशी से मुलाकात...

आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

0
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है । उन्होंने पश्चिम...

भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जबर्दस्‍त जीत हासिल कर रचा इतिहास

0
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जबर्दस्‍त जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। पार्टी ने विधानसभा की 294...

केरलम: सभी 140 सीटों के परिणाम घोषित, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 102 सीटों पर...

0
नई दिल्ली। केरलम में सभी 140 सीटों के परिणाम घोषित हो गए हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट – यूडीएफ ने 102 सीटों पर शानदार जीत...

बिना तैयारी बैठक में पहुंचे अधिकारियों पर सीएम धामी सख्त, जताई कड़ी नाराजगी

0
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में आयोजित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के बिना तैयारी के उपस्थित होने पर...