नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में वर्षा के कारण ठंड बढ़ गई है तो पंजाब से लेकर बिहार और झारखंड तक कोहरे ने सामान्य जनजीवन को बाधित कर दिया है। कड़ाके की सर्दी के कारण उत्तर प्रदेश में ठंड का रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में शनिवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। घने कोहरे के कारण दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर कम से कम 129 उड़ानें रद कर दी गईं। बड़ी संख्या में ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। मौसम विभाग ने रविवार को घना से बहुत घना कोहरा छाने का अनुमान लगाते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश दौरा रद कर दिया गया। शाह को शनिवार को कांगड़ा जिले में ज्वालामुखी पास स्थित सपड़ी में एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के स्थापना समारोह में हिस्सा लेना था। दिल्ली से हवाई उड़ान संभव न होने के कारण दौरा रद हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, दिल्ली में शीतलहर शुरू हो गई है। न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। सामान्य अधिकतम तापमान से नेगेटिव डेविएशन 4.5 और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच होने पर शीतलहर घोषित किया जाता है।
कानपुर, बरेली समेत कई जिलों में स्कूल बंद रहे। बुंदेलखंड के जिलों में समय बदला गया है। राज्य में बुलंदशहर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक गया। लखीमपुर खीरी में आठ, बाराबंकी में 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वाराणसी में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर सबसे कम 3.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम और शिंकुला में शनिवार को हल्का हिमपात हुआ है, जबकि अन्य स्थानों पर बादल छाने के कारण तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश में रविवार को वर्षा व हिमपात का पूर्वानुमान है।
पीटीआई के अनुसार, दृश्यता कम होने के कारण शनिवार को आइजीआइ एयरपोर्ट पर कम से कम 129 उड़ानें रद कर दी गईं। इनमें 66 आने वाली और 63 जाने वाली फ्लाइट हैं।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर फिलहाल ‘लो विजिबिलिटी प्रोसीजर’ को लागू किया गया है। वहीं, उत्तराखंड में कोहरे के कारण दिल्ली से देहरादून आने वाली उड़ान रद्द कर दी गई।
भुवनेश्वर से देहरादून आने वाली उड़ान को जयपुर डायवर्ट किया गया। आठ उड़ानें निर्धारित समय से एक से तीन घंटे विलंब से देहरादून एयरपोर्ट पहुंची। पटना एयरपोर्ट पर नौ आने वाली व 15 जाने वाली फ्लाइट 30 मिनट से लेकर तीन घंटे तक विलंबित रहीं।
झारखंड में रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर दोपहर 12 बजे के बाद से विमान ने लैंड करना शुरू किया। इस दौरान तीन फ्लाइट को रद कर दिया गया, वहीं कोलकाता के लिए दो और दिल्ली के लिए एक विमान उड़ान नहीं भर सका। विभिन्न शहरों से रांची आने वाली कई उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंचीं।
दिल्ली आने वालीं 70 से अधिक ट्रेन शनिवार को दो घंटे से ज्यादा देरी से पहुंचीं। लंबी दूरी की राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो और हमसफर जैसी प्रमुख ट्रेन भी समय पर नहीं चल सकीं। सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस ढाई घंटे, नई दिल्ली-कालका शताब्दी दो घंटे और नई दिल्ली-राजेंद्र नगर राजधानी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से पहुंची।
वहीं, नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे लेट रही। नई दिल्ली-कोलकाता राजधानी पौने चार घंटे, नई दिल्ली-सियालदह राजधानी सवा चार घंटे और नई दिल्ली-जम्मूतवी राजधानी सवा दो घंटे विलंब से चली।
पहाड़ से लेकर मैदानों तक ठंड का प्रकोप; घने कोहरे की चपेट में पूरा उत्तर भारत
Latest Articles
रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया-2026 का मसौदा तैयार, सरकार ने जनता से मांगे सुझाव
नई दिल्ली। रक्षा विभाग ने 'रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया 2026' का मसौदा तैयार किया है, जो मंजूरी मिलने पर 2020 की प्रक्रिया की जगह लेगा।...
पैक्ड खाने पर चेतावनी लेबल लगाने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- FSSAI इस पर...
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने एफएसएसएआई से पैक्ड खाद्य उत्पादों पर सामने चेतावनी लेबल लगाने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने को कहा...
‘पूर्व अग्निवीरों के लिए बना विशेष प्रकोष्ठ’, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद ने लोकसभा में...
नई दिल्ली: सरकार ने लोकसभा को बताया कि गृह मंत्रालय ने सेवानिवृत्ति अग्निवीरों के लिए एक विशेष इकाई और प्रकोष्ठ की स्थापना की है।...
अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला होने तक सदन में नहीं आएंगे स्पीकर ओम बिरला, 9...
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने फैसला लिया है कि वह तब तक सदन में नहीं आएंगे, जब तक उनके खिलाफ लाए गए...
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिये प्रदान की 37.23 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद ऊधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र सितारंगज में ग्राम निर्मल नगर एवं राजनगर को ग्राम सिसोना से जोड़ने हेतु...

















