नई दिल्ली। भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा समिति- जेडीसी की पहली बैठक आज नई दिल्ली में हुई। बैठक के दौरान, दोनों देशों ने प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास, सैन्य चिकित्सा, स्टाफ वार्ता, रक्षा उद्योग और अनुसंधान तथा विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। रक्षा विभाग के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और पांच सदस्यीय कुवैती प्रतिनिधिमंडल के ब्रिगेडियर जनरल राएद अलसकरान ने बैठक की अध्यक्षता की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में तीनों सेनाओं, रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
जेडीसी की पहली बैठक भारत और कुवैत के बीच रक्षा सहयोग पर समझौते के उद्देश्यों को कार्यान्वित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस समझौते पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिसंबर 2024 में कुवैत यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किए गए थे।
















