देहरादून: 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊँ द्वारा पूर्व सैनिकों एवं पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन 03 अगस्त से 08 अगस्त, 2026 तक देवकटिया ग्राउंड, पिथौरागढ़ में किया जाएगा। भर्ती रैली प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से प्रारंभ होगी।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 03 अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। 04 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी, जबकि 05 अगस्त से 08 अगस्त तक शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण एवं साक्षात्कार संपन्न कराया जाएगा।
भर्ती रैली के अंतर्गत कुल 69 रिक्त पदों पर नामांकन किया जाएगा। इनमें सैनिक (सामान्य ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखण्ड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त सैनिक (शेफ कम्युनिटी) के 4, सैनिक (वाशरमैन) के 2, सैनिक (टेलर) के 2, सैनिक (इक्विपमेंट रिपेयरर) के 2, सैनिक (हेयर ड्रेसर) के 3, सैनिक (ब्लैक स्मिथ) का 1, सैनिक (क्लर्क) का 1, सैनिक (कारपेंटर) के 3 तथा सैनिक (हाउस कीपर) के 2 पदों पर अखिल भारतीय स्तर पर पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती के लिए पूर्व सैनिक (पेंशनधारक) तथा भूतपूर्व महिला कर्मी, जो कि पर्यावरण वन मंत्रालय तथा जलवायु नियंत्रण या राज्य वन विभाग, उत्तराखण्ड में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा प्रदान की हो, आवेदन करने के पात्र होंगे। पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों का नामांकन सेवानिवृत्ति अथवा सेवा से मुक्त होने की तिथि से पांच वर्ष के भीतर होना आवश्यक है।
अभ्यर्थियों के लिए चिकित्सीय श्रेणी SHAPE-1, चरित्र अनुकरणीय/बहुत अच्छा (Exemplary/Very Good) होना अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम तथा महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 42 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊँचाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) तथा भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए 150 सेंटीमीटर निर्धारित है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का न्यूनतम माप 82 सेंटीमीटर तथा 5 सेंटीमीटर का विस्तार अनिवार्य होगा। महिला अभ्यर्थियों को भी 5 सेंटीमीटर तक सीने का विस्तार करने में सक्षम होना होगा।
भर्ती रैली में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ की मूल एवं छायाप्रति, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार के सात रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। भूतपूर्व महिला कर्मियों को मूल पेंशन आदेश, संबंधित विभाग द्वारा जारी 20 वर्ष की सेवा प्रमाणित करने वाला प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे।
नामांकित कार्मिकों की सेवा अवधि वर्ष में अधिकतम आठ माह होगी, जो आवश्यकता एवं स्वीकृत प्रावधानों के अनुसार निर्धारित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद एवं सेवा समूह के अनुसार मूल वेतन, महंगाई भत्ता तथा नियमानुसार अन्य अनुमन्य भत्ते देय होंगे।
130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊँ ने पात्र पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में उपस्थित होने का आग्रह किया है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन नामांकन के लिए अभ्यर्थी www.130ta.com पर अथवा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
















