नई दिल्ली। नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने बताया है कि धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तीन महीने के भीतर चालू हो जाएगा। परियोजना की प्रगति की समीक्षा के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सरकार का लक्ष्य अगले तीन महीने में यात्री टर्मिनल का शेष निर्माण और आवश्यक लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कर उड़ान सेवाएं शुरू करना है।
श्री नायडू ने कहा कि धोलेरा देश की एक अनूठी परियोजना है, जहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ विनिर्माण केंद्र, भविष्य की हरित नगरी, सेमीकंडक्टर हब और बहु-माध्यम परिवहन सुविधा विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि रनवे, टैक्सीवे और हवाई यातायात नियंत्रण से जुड़े सहायक भवनों का निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है, जबकि यात्री टर्मिनल का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।
श्री नायडू ने यह भी बताया कि हवाई अड्डे पर सी-295 रक्षा विमान के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल के लिए विशेष हैंगर बनाए जाएंगे। सी-295, एयरबस-वडोदरा साझेदारी के अंतर्गत निर्मित भारत का पहला स्वदेशी सैन्य परिवहन विमान है।
















