नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को सुझाव दिया कि पश्चिम बंगाल के जिन निवासियों को विदेशी होने के शक में बांग्लादेश भेज दिया गया, उन्हें अस्थायी रूप से वापस बुलाकर सुनवाई का मौका दिया जाए। अदालत ने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र, भूमि अभिलेख जैसे दस्तावेज साक्ष्य माने जा सकते हैं। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने केंद्र सरकार के वकील से कहा कि निर्वासित व्यक्तियों की ओर से प्रस्तुत किए गए जन्म प्रमाण पत्र, पारिवारिक भूमि अभिलेख आदि दस्तावेज साक्ष्य के रूप में विचारणीय हैं। ऐसे में सरकार उन्हें वापस बुलाकर उनके दस्तावेज की सत्यता की जांच कर सकती है।
सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता भोदू शेख के वकील संजय हेगड़े ने कोर्ट को बताया कि केंद्र ने लगभग एक महीने बाद कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले (निर्वासित किए गए लोगों को वापस लाने के निर्देश) को चुनौती दी है। यह मामला डिफेक्ट (आवेदन में कुछ कमी रह जाना) श्रेणी में ही पड़ा रहा। जब प्रतिपक्ष ने अवमानना का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट का रुख किया, तब केंद्र सरकार ने मामले को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जिन्हें सीमा पार फेंक दिया गया है, वह भारतीय नागरिक हैं।
याचिकाकर्ता के वकील की दलीलें सुनने और रिकॉर्ड को देखने के बाद सीजेआई ने केंद्र सरकार के वकील से कहा, बहुत सारी सामग्री रिकॉर्ड पर आ रही है। यह एक तरह से संभावना का सबूत हैं। आपको क्या रोक रहा है? पहले शायद पर्याप्त जांच नहीं हुई। यह भी आरोप है कि निर्वासितों को सुने बिना ही उन्हें बाहर भेज दिया गया। आप, अस्थायी तौर पर उन्हें वापस क्यों नहीं लाते? उन्हें सुनवाई का मौका क्यों नहीं देते? जो दस्तावेज और तथ्य पेश किए गए हैं, उनका सत्यापन क्यों नहीं कराते।मामले को समग्रता से क्यों नहीं देखते।
पीठ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वास्तव में बांग्लादेश से अवैध रूप से देश में प्रवेश करता है तो उसे वापस भेजना पूरी तरह उचित है। लेकिन यदि कोई यह कहने में सक्षम है कि वह भारत में जन्मा और पला बढ़ा है तथा भारतीय नागरिक है और उसके पास इसके समर्थन में दिखाने के लिए दस्तावेज हैं तो उसे अपना पक्ष रखने का अधिकार मिलता है। पीठ ने निर्देश लेने के लिए सोमवार तक का समय देते हुए संकेत दिया कि केंद्र सरकार अंतरिम उपाय के तौर पर निर्वासित किए गए लोगों को वापस ला सकती है और जांच एजेंसियों से उनके दस्तावेज की सत्यता की जांच करवा सकती है।
यह मामला कलकत्ता हाईकोर्ट के सितंबर के आदेश से उपजा और शीर्ष अदालत पहुंचा है। हाईकोर्ट ने कहा था कि निर्वासितों की नागरिकता का विषय विस्तार से जांच का विषय है और उन्हें चार सप्ताह के भीतर वापस लाया जाए। बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने लोगों के निर्वासन के लिए अपनाए गए तरीके पर सवाल उठाया था। हाईकोर्ट ने माना कि नागरिकता के सवाल पर अदालत के सामने आगे के दस्तावेज और सबूतों के आधार पर विचार किया जाना चाहिए।
याचिकाकर्ता भोदू शेख ने अपनी बेटी, दामाद और पोते की अवैध हिरासत व निर्वासन का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। शेख ने कहा था कि परिवार पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी है और बेटी दामाद भारतीय नागरिक हैं जो रोजगार के लिए दिल्ली गए थे। दिल्ली में पहचान जांच अभियान के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया और 26 जून 2025 को निर्वासित कर दिया गया जबकि उसकी बेटी गर्भवती थी।
अधिकारियों ने दावा किया कि हिरासत में लिए गए लोगों ने पुलिस के समक्ष बांग्लादेश का नागरिक होने की की बात मानी थी। वह अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या कोई अन्य दस्तावेज नहीं दिखा पाए थे, जिससे उनके भारतीय नागरिक होने की बात साबित होती हो। हाईकोर्ट ने कहा था कि भले ही हिरासत में लिए गए लोगों ने दिल्ली पुलिस के सामने बांग्लादेश के नागरिक होने की बात मान ली हो। कानून यह मानता है कि पुलिस अधिकारी को दिया गया बयान दबाव से लिया गया होगा। इसके बाद उन्हें चार हफ्ते में वापस लाने का निर्देश दिया था।
‘विदेशी होने के शक में बांग्लादेश लौटाए लोगों को वापस लाकर सुनवाई का मौका दें’; अदालत का सुझाव
Latest Articles
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यालय प्रबंधन समिति के लिए जारी किए दिशानिर्देश
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में विद्यालय प्रबंधन समिति के लिए दिशानिर्देश जारी किए। इस अवसर पर श्री प्रधान...
आरबीआई ने जारी किया विदेशी मुद्रा प्रबंधन विनियम 2026
नई दिल्ली। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन (अधिकृत व्यक्ति) विनियम, 2026 जारी किए हैं। इन नए विनियमों का उद्देश्य अधिकृत व्यक्तियों...
पीएम मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच वार्ता, कई समझौता ज्ञापनों...
नई दिल्ली: भारत और वियतनाम ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, दुर्लभ मृदा तत्व, चिकित्सा उत्पाद विनियमन, सार्वजनिक क्षेत्र लेखापरीक्षा, डिजिटल भुगतान प्रणाली और संस्कृति और पर्यटन...
जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए शासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
देहरादून। उत्तराखण्ड शासन द्वारा आगामी जनगणना 2027 के सुचारु एवं सफल संचालन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सचिव जनगणना दीपक कुमार द्वारा...
एमडीडीए का बड़ा एक्शन, ऋषिकेश-कुंआवाला में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई...

















