नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली में आगामी असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम-आईईवीपी-2026 का शुभारंभ किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि आयोग भारत में चुनावों को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में देखता है और मिशन मोड में इसे सुनिश्चित करने के लिए काम करता है। आयोग ने बताया कि पहले चरण में, कार्यक्रम के प्रतिनिधि कल से इस महीने की 9 तारीख तक असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेंगे। दूसरे चरण में, प्रतिनिधि इस महीने की 20 तारीख से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। आयोग ने बताया कि कार्यक्रम के पहले चरण में दिल्ली स्थित पांच विदेशी दूतावासों के प्रतिनिधियों सहित 23 देशों के 43 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
आईईवीपी भारत के चुनावी ढांचे, संस्थागत तंत्र और परिचालन संरचना का व्यापक अवलोकन प्रदान करता है, साथ ही विदेशी चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधियों को चुनाव प्रबंधन में सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों से परिचित कराता है।

















