29.2 C
Dehradun
Saturday, April 25, 2026


spot_img

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित: इंटरमीडिएट का 85.11 व हाईस्कूल का 92.10 फीसदी रहा परीक्षा परिणाम

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में बोर्ड परीक्षओं के परिणाम जारी किये। इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल परिणाम 85.11 फीसदी जबकि हाईस्कूल में 92.10 फीसदी रहा है। इस अवसर पर विभागीय मंत्री डॉ. रावत ने मेधावी छात्रों व उनके अभिभावकों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई व शुभकानाएं दी।
सूबे के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बोर्ड परीक्षा परिणाम सफलतापूर्व घोषित किये जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इसके लिये परिषद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों को बधाई दी, उन्होंने कहा कि सभी लोगों के अथक परिश्रम और समर्पण से परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया गया। डॉ. रावत ने बताया कि इस वर्ष इंटरमीडिएट में कुल परीक्षा परिणाम 85.11 फीसदी रहा। जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में कुल 102986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 100452 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि  85499 उत्तीर्ण हुये। विगत वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 1.88 फीसदी अधिक रहा है।
इसी प्रकार इस वर्ष हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 फीसदी रहा। जिसमें 88.03 फीसदी बालकों जबकि 96.07 फसदी बालिकाओं ने बाजी मारी। डॉ. रावत ने बताया कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के लिये 112266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 108983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि 100373 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुये। हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम विगत वर्ष 2025 की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है। जो बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, शिक्षकों व छात्र-छात्राओं की मेहनत को प्रदर्शित करता है। डा. रावत ने इस अवसर पर परिषदीय परीक्षा की प्रवीणता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के साथ फोन पर बातचीत की उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधायक रामनगर दिवान सिंह बिष्ट, सभापति विद्यालयी शिक्षा परिषद व निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, सचिव विद्यालयी शिक्षा परिषद विनोद कुमार सेमल्टी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 12वीं बोर्ड परीक्षा की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत व भंजूराम अमर इंटर कॉलेज ऊधमसिंह की सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98 फीसदी अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर हरिद्वार की वंशिका ने 97 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार  हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज रामनगर नैनीताल के अक्षत गोपाल ने 98.20 फीसदी अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार एस.वी.एम. इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड, उत्तरकाशी के इशांत कोठारी तथा जी.बी. पंत राजकीय इंटर कॉलेज खैरना, नैनीताल की भूमिका ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि विवेकानंद वी.एम. इंटर कॉलेज मण्डलसेरा बागेश्वर के योगेश जोशी ने 97.80 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में बागेश्वर जनपद का प्रदर्शन शानदार रहा है। बागेश्वर जनपद ने इंटरमीडिएट में कुल 94.84 फीसदी व हाइस्कूल में 96.98 फीसदी परीक्षाफल के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने के उपरांत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के टॉपर अक्षत गोपल के घर पहुंचे, और उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई व शुभकानाएं दी।, साथ ही डॉ. रावत ने अक्षत को अपने हाथों से मिठाई भी खिलाई। उन्होंने अक्षत के माता-पिता से भी मुलाकात कर उनके योगदान की सराहना की और परिवार को इस उपलब्धि के लिये बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अक्षत की मेहनत, लगन और अनुशासन सभी विद्यार्थियों के लिये प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक दिवान सिंह बिष्ट ने भी अक्षत की सफलता पर खुशी व्यक्त की।

spot_img

Related Articles

Latest Articles

कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ी

0
देहरादून। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा...

सीएम ने मुख्य सेवक सदन में सुनीं जनसमस्याएं, कई प्रकरणों का मौके पर ही...

0
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में  प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस...

कोई भी अदालत किसी महिला को उसकी इच्‍छा के विरूद्ध गर्भधारण जारी रखने के...

0
नई दिल्ली। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि कोई भी अदालत किसी महिला विशेष रूप से नाबालिग को उसकी इच्‍छा के विरूद्ध गर्भधारण जारी...

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज

0
नई दिल्ली। भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन आना तय है। दक्षिण 24 परगना जिले के...

आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका; तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में हुए शामिल

0
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के तीन राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में...