नई दिल्ली : क्वाड देशों ने आज नई दिल्ली में अपने विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान, गठबंधन के एजेंडे की प्रगति की समीक्षा की और हिंद-प्रशांत से जुड़े क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रम पर चर्चा की। बैठक समाप्त होने के बाद विदेश मंत्रालय में अपर सचिव के. नागराज नायडू ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बैठक में स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के प्रति क्वाड की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है।
उन्होंने बताया कि चर्चा क्वाड सहयोग के चार मुख्य स्तंभों पर केंद्रित रही, जिनमें समुद्री और सीमा-पार सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, सुरक्षा, महत्वपूर्ण तथा उभरती प्रौद्योगिकियां, मानवीय सहायता और आपदा राहत शामिल हैं। श्री के. नागराज नायडू ने बताया कि क्वाड देशों ने आज हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग’ की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य समुद्री निगरानी के क्षेत्र में समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आतंकवाद-रोधी प्रयास क्वाड सहयोग का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। विदेश मंत्रियों ने सीमा-पार आतंकवाद और आतंकवाद के सभी रूपों तथा अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि जारी संयुक्त बयान में, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की भी निंदा की गई है।















