नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को देखते हुए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए सभी घटनाक्रमों की नियमित निगरानी के लिए एकीकृत और समन्वित व्यवस्था बनाने को कहा। उन्होंने नाविकों और उनके परिवारों को समय पर सूचना, आपातकालीन सहायता और परामर्श के लिए एक तंत्र स्थापित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में रबी फसलों के लिए उर्वरकों के वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग पर भी चर्चा की गई। श्री मोदी ने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी उपाय करने को कहा। श्री मोदी ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान मंत्रिमंडल सचिव ने समिति को पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।

















