नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के मुद्दे सहित किसी भी विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और संसद में सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी सवालों का जवाब देगी। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में श्री शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वह चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा के लिए दोपहर दो बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस दे सकता है, ताकि आज दोपहर तीन बजे चर्चा शुरू हो सके।
श्री शाह ने कहा कि चर्चा शुरू होने पर वह सदन में मौजूद रहेंगे और सभी सदस्यों की बातें सुनेंगे। उन्होंने कहा कि चर्चा पूरी होने के बाद वह कल दोपहर तीन बजे चर्चा का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
श्री शाह ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार नीट परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों के प्रदर्शन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मुद्दे पर चर्चा संसदीय प्रक्रिया के अनुसार होनी चाहिए। श्री शाह ने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है।

















