देहरादून। आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 13 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के दृष्टिगत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) द्वारा सभी जनपदों को पत्र जारी कर आवश्यक सावधानियां एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना तथा राज्य के शेष जनपदों में गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा। 15 अगस्त को राज्य के सभी जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। 16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।
17 अगस्त को देहरादून एवं टिहरी जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन दोनों जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा। सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहें। भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलधाराओं के आसपास जाने से बचें। भारी बारिश अथवा अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें तथा सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। भारी वर्षा के दौरान उफनती नदियों, धाराओं एवं नालों में तैरने या नौका विहार करने से बचें। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव तथा नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी नागरिक सावधानी एवं सतर्कता बरतें।
मौसम चेतावनी के मद्देनजर सभी जनपद अलर्ट मोड पर, 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश
Latest Articles
भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा समिति की नई दिल्ली में हुई पहली बैठक भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा...
नई दिल्ली। भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा समिति- जेडीसी की पहली बैठक आज नई दिल्ली में हुई। बैठक के दौरान, दोनों देशों ने प्रशिक्षण, सैन्य अभ्यास,...
नेपाल-तिब्बत में विनाशकारी बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 547; सीमा के दोनों तरफ...
नई दिल्ली। नेपाल और तिब्बत में विनाशकारी बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 547 हो गई है। 1,545 लोग अब भी लापता हैं। राहत...
भारत ने नेपाल में बचाव और राहत कार्यों के लिए 47 टन से ज़्यादा...
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बताया कि नेपाल में बुधवार को अचानक बाढ़ की त्रासदी के बाद 320 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो...
लोक भवन में उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
देहरादून: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आज लोक भवन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि)...
मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाः अब 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज...
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक...
















