नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि देश की सभी तेल रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक बना हुआ है, देश भर में सभी खुदरा दुकानें सामान्य रूप से चल रही हैं और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
होर्मुज जल-डमरू-मध्य के बंद रहने के मद्देनजर, मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने देश भर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए कई उपाय किए हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरे देश में सामान्य है और एलपीजी वितरकों के यहां किसी भी तरह की कमी की सूचना नहीं है।
इस बीच, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय समुद्री व्यापार की निरंतरता सुनिश्चित करते हुए जहाजरानी गतिविधियों, बंदरगाह संचालन और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रख रहा है। मंत्रालय ने आगे कहा कि महानिदेशक जहाजरानी ने अब तक 674 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 39 नाविक शामिल हैं।
भारतीय मिशन और दूतावास भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और सहायता प्रदान करते हुए उनकी सुरक्षा और कल्याण के लिए उचित सलाह जारी कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। क्षेत्र से अतिरिक्त उड़ानों के कारण हवाई संचालन में सुधार हो रहा है और 28 फरवरी से अब तक लगभग 4 लाख 50 हजार यात्री भारत लौट चुके हैं।

















