नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रविवार रात भीड़ अधिक बढ़ने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें विलंब से होने के कारण प्लेटफार्म नंबर 12 व 13 पर अधिक संख्या में यात्री इकट्ठा हो गए और धक्का मुक्की के साथ भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भगदड़ जैसी स्थिति नहीं थी।
रविवार देर शाम प्लेटफार्म नंबर 13 से रात्रि 8.05 बजे चलने वाली शिव गंगा एक्सप्रेस लगभग डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई। इसी प्लेटफार्म से 8.40 पर रवाना होने वाली जम्मू राजधानी एक्सप्रेस भी लगभग सवा दो घंटे विलंब थी। सवा नौ बजे प्लेटफार्म नंबर 13 से ही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस भी चलती है। रात 10 बजे इसके साथ लगते 12 नंबर प्लटेफार्म से लखनऊ एक्सप्रेस प्रस्थान करती है। इस कारण प्लेटफार्म पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई।
यात्रियों के बीच हल्की धक्का मुक्की हुई। कुछ यात्री सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को कूदकर पार करने निकलने लगे। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि भीड़ नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। भगदड़ जैसी कोई स्थिति नहीं थी।बता दें कि गत 15 फरवरी को महाकुंभ के समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के कारण 18 यात्रियों की मौत हो गई थी। उसके बाद होली की भीड़ संभालने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। नई दिल्ली सहित अन्य बड़े स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए स्थायी प्रबंध करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। महाकुंभ में भगदड़ के बाद और होली के समय भीड़ प्रबंधन के लिए अजमेरी गेट की तरफ अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया था। आरक्षित कोच व जनरल कोच के यात्रियों के प्लेटफार्म पर जाने के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए थे। प्लेटफार्म पर आरपीएफ व रेलवे कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। महाकुंभ और होली के बाद स्टेशन परिसर में भीड़ कम हो गई। इसे देखते हुए होल्डिंग एरिया हटा दिया गया है। अलग-अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था भी समाप्त हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि पहले की तुलना में अब आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। रविवार शाम सात बजे के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद आरपीएफ के जवानों द्वारा भीड़ नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय किए।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़, भगदड़ जैसी स्थिति बनी; ट्रेनों में देरी से यात्री परेशान
Latest Articles
कुरनूल में बन रही ड्रोन सिटी देश की पहली परियोजना होगी: नागरिक उड्डयन मंत्री...
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के ओरवाकल में विकसित की जा रही...
दिल्ली में छात्र प्रदर्शन मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति : सर्वोच्च न्यायालय
नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय ने आज कहा कि दिल्ली में हाल ही में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई और पुलिसकर्मियों के...
ब्रिक्स देशों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई
नई दिल्ली। भारत ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि पर्यावरण से जुड़े प्रयास लोगों पर केंद्रित, टिकाऊ और विकासशील देशों की वास्तविकताओें...
विजिलेंस की टीमों ने घूस ले रहे दो अधिकारियों को रंगे हाथों दबोचा
देहरादून। विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) की टीम ने हरिद्वार जिले में बड़ी और कड़ा संदेश देने वाली कार्रवाई की है। विजिलेंस की अलग-अलग टीमों ने...
अत्याधुनिक रडार से चमोली में तमक नाले में संभावित स्थानों की हो रही गहन...
देहरादून। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में...

















