नई दिल्ली। अमरीका और ईरान के एक-दूसरे पर नए मिसाइल हमलों से व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। नए हमलों से अन्य देश भी संघर्ष में शामिल हो सकते हैं।
जॉर्डन में एक अमरीकी सैन्य अड्डे पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद ईरान के खिलाफ अमरीका के जवाबी हमलों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अमरीकी केंद्रीय कमान ने कहा कि आई आर जी सी के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें सैन्य कमान केंद्र, मिसाइल और ड्रोन सुविधाएं, तटीय निगरानी केंद्र और रक्षा प्रतिष्ठान शामिल हैं। ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा कि केश्म द्वीप पर हुए हमले में तीन लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए।
यह ताजा झड़पें अमरीका के सऊदी अरब के साथ मिलकर इराक में ईरान समर्थित सशस्त्र समूह पर हमलों के एक दिन बाद हुई है। हमलों में कथित तौर पर कम से कम 20 लड़ाके और छह ईरानी सैन्य सलाहकार मारे गए थे।

















