नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि नेपाल में बाढ़ के बाद अभी भी 290 भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पाया है, जबकि 84 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें त्रिशूली-1 जल विद्युत परियोजना के 63 कर्मचारी और कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित भारतीयों तक पहुंचने के लिए 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है। मंत्रालय नेपाल के अधिकारियों के साथ समन्वय कर लापता भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रहा है।
इस बीच, चीन में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए करीब 200 भारतीय नागरिकों ने सुरक्षित निकासी के लिए मदद मांगी है। इनमें 95 डारचेन से हिल्सा की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि अन्य सागा की ओर जा रहे हैं। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित निकासी के प्रयास कर रहा है।















