26.9 C
Dehradun
Wednesday, June 10, 2026


spot_img

केदारनाथ यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। यात्रा शुरू होने के कुछ ही सप्ताहों में श्रद्धालुओं की संख्या साढ़े 11 लाख के पार पहुंच चुकी है। बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से उमड़ रही आस्था की इस अभूतपूर्व भीड़ के बीच रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने में पूरी क्षमता के साथ जुटा हुआ है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विशेष बातचीत में बताया कि यात्रा संचालन से लेकर आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था और विकास कार्यों तक हर मोर्चे पर प्रशासन चैबीसों घंटे सक्रिय है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि पुराने केदारनाथ पैदल मार्ग पर वर्तमान में श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर अभी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और कई स्थानों पर ट्रैक अत्यधिक संवेदनशील एवं जोखिमपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने कहा, यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। जब तक पुराने मार्ग पर सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित नहीं हो जातीं और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, तब तक वहां आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डीएम ने बताया कि नए केदारनाथ पैदल मार्ग पर आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बनाए गए हेलीपैडों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत कार्यों में बाधा न आए।
विशाल मिश्रा ने कहा कि प्रशासन केवल यात्रा संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में चल रहे विकास कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि यात्रा के साथ-साथ स्थानीय जनता को भी विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा, स्वच्छ केदारपुरी और प्रभावी आपदा प्रबंधन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।ष् केदारनाथ यात्रा में लगातार बन रहे नए रिकॉर्ड और प्रशासन की सक्रिय तैयारियां यह संकेत दे रही हैं कि इस बार की यात्रा न केवल श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से ऐतिहासिक होगी, बल्कि सुरक्षा, स्वच्छता और प्रबंधन के नए मानक भी स्थापित करेगी।
उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल क्षेत्र में हुई घटना के बाद रुद्रप्रयाग प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि वन प्रभाग केदारनाथ एवं वन प्रभाग रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी ट्रैकिंग रूटों पर जाने वाले ट्रैकर्स का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अनेक ट्रैकिंग रूट हैं जहां लगातार पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
आगामी मानसून और संभावित आपदा सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। संवेदनशील स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार रखी गई है। उन्होंने कहा, ष्यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार और सतर्क है।

spot_img

Related Articles

Latest Articles

भारत का निर्यात 12 वर्षों में 468 अरब डॉलर से बढ़कर 863 अरब डॉलर...

0
नई दिल्ली। भारत का निर्यात पिछले 12 वर्षों में 468 अरब डॉलर से बढ़कर 863 अरब डॉलर हो गया है। राजस्‍थान के जयपुर में...

आईएनएसए ने ब्रिक्स विज्ञान अकादमियों के एआई फोरम की पहली बैठक आयोजित की

0
नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी-आईएनएसए ने सतत विकास के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-एआई पर ब्रिक्स विज्ञान अकादमियों के फोरम की पहली बैठक वर्चुअल माध्यम...

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा तैयारियों की...

0
नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर 21 जून को होने वाली...

मुख्य सचिव ने नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों को सभी आवश्यक कदम उठाए जाने के...

0
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। मुख्य सचिव ने 21...

कैंचीधाम मेले के लिए श्रद्धालुओं के लिए चलेगी विशेष शटल सेवा

0
हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 जून...