नई दिल्ली। देश में मानसूनी बारिश जारी है। पहाड़ी और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश आसमान से आफत बनकर टूट रही है। उत्तराखंड के जोशीमठ में भूस्खलन के चलते बंद बदरीनाथ हाईवे 83 घंटे बाद खुल गया है। हाईवे बंद होने से लगभग साढ़े चार हजार यात्री जगह-जगह फंस गए थे। बिहार में बिजली गिरने से बीते 24 घंटे में 21 और लोगों की जान चली गई है। असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी 12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। देश के 23 राज्य में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच दिन भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किए हैं।
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते पहाड़ दरक रहे हैं। मंगलवार सुबह सात बजे जोशीमठ में चुंगीधार के पास बदरीनाथ हाईवे पर मलबा आ गया था। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मलबा हटाने में जुटी थी कि उसी दिन फिर सुबह 11 बजे पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूट गया और भारी भरकम चट्टान सड़क पर अटक गई। बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव में मतदान कराने के लिए जा रहीं पोलिंग पार्टियों के साथ ही बड़ी संख्या में चार धाम यात्रा पर निकले श्रद्धालु भी फंस गए थे।
शुक्रवार शाम हाईवे को पहले पैदल यात्रियों के लिए भी फिर वाहनों के लिए खोल दिया गया। हाईवे खुलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जय बदरीविशाल और जो बोले सोनिहाल के जयकारे लगाए। भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी के बाद यूपी के कई शहरों में अब बाढ़ का असर विकराल रूप लेता जा रहा है। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सीतापुर के करीब 250 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं, लखीमपुर खीरी के 150, शाहजहांपुर के 30, बदायूं के 70, बरेली के 70 और पीलीभीत के करीब 222 गांव की बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। पूर्वांचल के बलिया में भी बाढ़ की स्थिति के चलते कुछ घर बहने की खबर है। यूपी के करीब 800 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी लगातार मानसूनी बारिश हो रही है। भूस्खलन के चलते शिमला में चार समेत 10 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने 13, 14, 17 और 18 जुलाई को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 1-12 जुलाई के बीच राज्य में 81.8 एमएम बारिश हुई है जो इस अवधि में सामान्य 85.6 एमएम से चार फीसदी कम है। शुक्रवार को धर्मशाला में सबसे अधिक 12.6 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान बिजली गिरने से 21 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक 6 मौतें मधुबनी जिले में हुई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौतों पर गहरा दुख जताया है और प्रत्येक मृतक परिजन को 4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सिर्फ इस महीने बिजली गिरने से अब तक 70 लोगों की जान जा चुकी है।मूसलाधार बारिश ने दिन-रात भागने वाली मुंबई की रफ्तार रोक दी है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से मुंबई में सड़कें दरिया बन गई हैं। लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है और लंबी दूरी की ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के साथ ही मुंबई के ऊपर एक तूफानी चक्रवात की स्थिति बनी है और इसके प्रभाव के चलते शुक्रवार को भी जमकर बारिश हुई।असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ और कई जिलों में बाढ़ का पानी घटना है। हालांकि, अभी भी राज्य के 24 जिलों के 2,406 गांवों में 12.33 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। 41 हजार से अधिक लोग बेघर हुए हैं और 189 राहत शिविरों में शरण लिए हैं। बाढ़, बारिश और बिजली गिरने से अब तक 106 लोगों की जान जा चुकी है। एसडीआरएफ समेत विभिन्न एजेंसियों को राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई है। गुजरात क्षेत्र, कोंकण और गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, बिहार, पूर्वी और पश्चिमी यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर अच्छी बारिश हुई है।
इसके अलावा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, असम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजस्थान के नागौर जिले के परबतसार में सबसे अधिक 89 एमएम और धौलपुर जिले के सेपाउ में 65 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
23 राज्यों में पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ में घिरे यूपी के 800 गांव
Latest Articles
सजा पूरी, फिर भी जेल से नहीं छूटेगा गैंगस्टर अबू सलेम; सुप्रीम कोर्ट का...
नई दिल्ली। गैंग्सटर अबू सलेम को अभी जेल में ही रहना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी याचिका पर विचार करने से सोमवार को इन्कार...
साइबर ठगी के शिकार लोगों को मुआवजा दे सरकार, लोगों को सिखाएं अपराधियों से...
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सरकार को साइबर ठगी के शिकार लोगों को मुआवजा देना चाहिए। कोर्ट ने बुजुर्गों की सुरक्षा...
‘एआई में भारत सबसे आगे’, एआई इम्पैक्ट एक्सपो पर पीएम मोदी ने गिनाईं देश...
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट एक्सपो और एआई शिखर सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत करते हुए...
CM मान की फिर बिगड़ी तबीयत, फोर्टिस में भर्ती, मोगा रैली में गए थे,...
मोहाली: मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत फिर से खराब हो गई है। उन्हें फोर्टिस मोहाली में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है...
अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा प्रहार, ऋषिकेश में कई भवन सील
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने एक बार फिर अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक सीलिंग अभियान चलाया।...

















