नई दिल्ली : हादसे के बाद शुक्रवार को पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचे और घायलों से मिले। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त विमान का आज ब्लैक बॉक्स रिकवर कर लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हादसे की जगह का दौरा किया और अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घटनास्थल पर करीब 20 मिनट बिताए और बाद में संबंधित अधिकारियों से बैठक कर जानकारी ली। प्रधानमंत्री हादसे में बचने वाले इकलौते शख्स रमेश विश्वास कुमार से भी मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से मुलाकात की। पीएम ने कहा कि मैं उन्हें दशकों से जानता था। हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। इसमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है। वरिष्ठ भाजपा नेता रूपाणी (68) की अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को एअर इंडिया विमान हादसे में मृत्यु हो गई।पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्यों से एयरपोर्ट के पास गुजसेल भवन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विजयभाई रूपाणी के परिवार से मुलाकात की।
विमानन नियामक डीजीसीए ने एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बेड़े की सुरक्षा जांच बढ़ाने का शुक्रवार को आदेश दिया। यह आदेश अहमदाबाद में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत होने के एक दिन बाद दिया गया है। डीजीसीए के विस्तृत निरीक्षण के तहत टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान की विभिन्न प्रणालियों की जांच और ‘टेक-ऑफ’ (उड़ान भरने संबंधी) मापदंडों की समीक्षा की जाएगी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया के बेड़े में 26 बोइंग 787-8 और सात बोइंग 787-9 विमान हैं।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुक्रवार को कहा कि एअर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। विमान का ब्लैक बॉक्स बी.जे. मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में एक इमारत की छत से बरामद किया गया। एएआईबी ने एक बयान में कहा, ‘‘एएआईबी ने तुरंत काम शुरू कर दिया। राज्य सरकार के 40 से अधिक कर्मचारियों ने दुर्घटनास्थल पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीमों के साथ जांच में भाग लिया। छत से डीएफडीआर (ब्लैक बॉक्स) बरामद कर लिया गया है।
अहमदाबाद पुलिस ने एअर इंडिया विमान दुर्घटना के संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। मेघाणीनगर थाने द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज की गई आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट के अनुसार, उसे दुर्घटना और उसके बाद लगी आग की सूचना अपराह्न करीब एक बजकर 44 मिनट पर मिली। पुलिस शिकायत में कहा गया है कि अग्निशमन अभियान के दौरान पुलिस को पता चला कि अधिकतर यात्री और चालक दल के सदस्य जलकर मर गए थे और उनके शवों को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल ले जाया गया। साथ ही चिकित्सकों के आवास में रहने वाले लोगों की भी हादसे में मौत हो गई। उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ध्रुमित गांधी ने शुक्रवार को कहा, हमारा राहत एवं बचाव अभियान सुबह समाप्त हो गया और घटनास्थल को फॉरेंसिक विशेषज्ञों तथा नागर विमानन अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि यह कठिन समय है, लेकिन कंपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी और जांच में पूरी पारदर्शिता बरतेगी। उन्होंने कहा कि जब टाटा ने एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था, तब यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता थी और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अहमदाबाद विमान हादसे के घायलों से मिले PM, ब्लैक बॉक्स मिला; DGCA सख्त और एजेंसियां जांच में जुटीं
Latest Articles
फ़िलीपींस की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर कल से फ़िलीपींस के मनीला की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। वे आसियान रूपरेखा के अंतर्गत...
प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक रोकने के लिए सभी पक्षों से मिलकर प्रयास करने...
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संसदीय दल की बैठक आज संसद भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई। पारंपरिक रूप से संसद...
RBI की विशेष बदलाव योजना के अंतर्गत बैंकों ने 20 अरब डॉलर से अधिक...
नई दिल्ली। रिजर्व बैंक की विशेष बदलाव योजना के अंतर्गत बैंकों ने पिछले सप्ताह शुक्रवार तक 20 अरब सत्तर करोड डॉलर से अधिक की...
सरकार नीट पेपर लीक और उससे जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा करने के...
नई दिल्ली। सरकार संसद में नीट और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह...
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 235 करोड़ रु की परियोजनाओं का किया...
देहरादून/हरिद्वार। हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम...















