29.8 C
Dehradun
Tuesday, June 16, 2026


spot_img

राज्यपाल ने ‘फिन बोध’ एवं ‘उत्तरावाणी’ ऐप और असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का किया लोकार्पण

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘फिन बोध’ एवं ‘उत्तरावाणी’ ऐप तथा असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन पहलों को उत्तराखण्ड की आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षमता को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। राज्यपाल ने कहा कि ‘फिन बोध’ ऐप वित्तीय साक्षरता को सरल और व्यवहारिक रूप में लोगों तक पहुँचाने का अभिनव माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में वित्तीय समझ अत्यंत आवश्यक हो गई है और युवाओं को राजस्व, निवेश, संपत्ति प्रबंधन तथा वित्तीय परिसंपत्तियों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवा पीढ़ी ऐप आधारित माध्यमों से तेजी से सीखती है और ‘फिन बोध’ इस दिशा में एक प्रभावी एवं प्रगतिशील पहल है।
राज्यपाल ने ‘उत्तरावाणी’ ऐप को उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि कुमाऊँनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित विभिन्न बोलियों, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच उपलब्ध कराने में यह ऐप उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह मंच दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने, स्थानीय ज्ञान और संस्कृति को संरक्षित करने तथा उसे वैश्विक स्तर तक पहुँचाने में सहायक बनेगा।
असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री के संबंध में राज्यपाल ने कहा कि यह उत्तराखण्ड के युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य में होमस्टे पर्यटन तेजी से उभर रहा है और इससे स्थानीय युवाओं को अपने गांवों में ही रोजगार एवं आजीविका के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पाठ्य सामग्री युवाओं को होमस्टे प्रबंधन, अतिथि सत्कार तथा ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा के अनुरूप बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करेगी, जिससे राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। राज्यपाल ने इन तीनों पहलों के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ये प्रयास उत्तराखण्ड के आर्थिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, रजिस्ट्रार हेम राज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के निदेशक एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे।  फिन बोध को आमजन में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह ऐप व्यक्तिगत वित्त, बचत, निवेश, कर नियोजन, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान और सुरक्षित वित्तीय व्यवहार से संबंधित सरल एवं उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराता है। इसमें साइबर सुरक्षा जागरूकता, डिजिटल भुगतान में सावधानियां तथा विभिन्न वित्तीय गणनाओं के लिए फाइनेंशियल कैलकुलेटर भी शामिल किए गए हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
उत्तरावाणी उत्तराखण्ड के विभिन्न सामुदायिक रेडियो स्टेशनों को एकीकृत करने वाला मल्टी-कम्युनिटी रेडियो प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता लाइव रेडियो स्ट्रीमिंग एवं पॉडकास्ट सुन सकेंगे। ऐप का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, लोकभाषाओं, लोकगीतों और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों का ज्ञान, अनुभव और सांस्कृतिक विरासत व्यापक स्तर पर साझा की जा सके। यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्यक्रम के लिए प्रतिभागी पुस्तिका एवं फैसिलिटेटर गाइड तैयार की गई है। इसमें अतिथि सत्कार, फ्रंट ऑफिस संचालन, हाउसकीपिंग, भोजन प्रबंधन, ऑनलाइन बुकिंग, सोशल मीडिया प्रचार, ग्राहक संतुष्टि, संचार कौशल तथा उद्यमिता जैसे विषय शामिल हैं। यह सामग्री प्रशिक्षणार्थियों को कौशल आधारित, व्यवहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

spot_img

Related Articles

Latest Articles

प्रवर्तन निदेशालय ने रहेजा डेवलपर्स लिमिटेड की 500 करोड़ रुपये से ज़्यादा की अचल...

0
नई दिल्ली।  प्रवर्तन निदेशालय ने रहेजा डेवलपर्स लिमिटेड की 500 करोड़ रुपये से ज़्यादा की अचल संपत्तियों, को अस्थायी रूप से ज़ब्त किया है।...

अहमदाबाद पुलिस ने नीट परीक्षा से जुड़े स्कैम के आरोप में राजस्थान और बिहार...

0
नई दिल्ली। अहमदाबाद पुलिस ने नीट परीक्षा से जुड़े धोखाधड़ी और स्कैम के आरोप में राजस्थान और बिहार के तीन लोगों को गिरफ़्तार किया...

DRDO ने स्वदेश में विकसित लंबी दूरी की भू आधारित आक्रमण क्षमता वाली क्रूज...

0
नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी.आर.डी.ओ ने आज ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लंबी दूरी की भू आधारित आक्रमण क्षमता...

भारत और स्लोवाकिया ने द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर...

0
नई दिल्ली।  भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करते हुए द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए 11...

सोमवती अमावस्या पर उमड़ा धर्मनगरी में आस्था का सैलाब

0
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में हर की पैड़ी में गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को...